The post पौड़ी में ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान से नवाजा appeared first on Avikal Uttarakhand.
पत्रकार ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर मेधावी छात्र भी सम्मानित
पौड़ी। दिवंगत पत्रकार ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर पौड़ी में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विभूतियों को ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

नागरिक कल्याण एवं विकास समिति तथा उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित समारोह का उद्घाटन लेख इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल के संस्थापक एवं निदेशक सतेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने पौड़ी के डीएवी स्कूल से जुड़ी अपनी बचपन की यादें साझा करते हुए विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय इंद्र मोहन मुद्गिल को याद किया।
नेगी ने कहा कि शिक्षा वैज्ञानिक सोच, नवाचार और सही दृष्टिकोण विकसित कर बेहतर नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। समावेशी समाज की परिकल्पना सामूहिक जिम्मेदारी से ही साकार हो सकती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि शहर और गांव के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है।

पत्रकार जगमोहन डांगी और बाल साहित्यकार मनोहर चमोली ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में ललित मोहन कोठियाल का योगदान महत्वपूर्ण रहा। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने स्मृति सम्मान समारोह के आयोजन की सराहना की।
समारोह में स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान के लिए कीर्ति सिंह रावत, खेल के लिए राजेंद्र सिंह रावत, शिक्षा के लिए वीरेंद्र काला, गढ़वाली साहित्य के लिए कवि एवं व्यंग्यकार नरेंद्र कठैत तथा जनसरोकारों के लिए केशर सिंह असवाल को सम्मानित किया गया।
बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जीआईसी पौड़ी नगर के एरोन मेसी, मैसमोर स्कूल के प्रियांशु, डीएवी इंटर कॉलेज के शाह फिरोज और जीजीआईसी पौड़ी की नंदिनी रावत को भी सम्मानित किया गया।
इससे पहले नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति की ओर से एजेंसी चौक स्थित कार्यालय में दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी गई। ललित मोहन कोठियाल स्मृति वन में पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल ने किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र बड़थ्वाल, कोषाध्यक्ष मकान सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा सहित सुरेश चंद्र बड़थ्वाल, अनीता रावत, कुसुम नेगी और प्रशांत नेगी मौजूद रहे।
The post पौड़ी में ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान से नवाजा appeared first on Avikal Uttarakhand.
