काशीपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने बताया कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे। उनके अनुसार, कार्यकर्ताओं को लेकर दो दर्जन से अधिक बसें हल्द्वानी के लिए रवाना की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर पार्टी अपना पक्ष रखेगी। अलका पाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, भर्ती घोटाले, पेपर लीक, अवैध खनन और कानून-व्यवस्था जैसे मामलों में भाजपा सरकार जवाब देने की स्थिति में नहीं है।
उन्होंने बताया कि रैली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य करन माहरा, प्रकाश जोशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि हल्द्वानी की यह महारैली प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देगी।

