रामनगर। 11 अगस्त 2026 रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन को नई कार्यकारिणी मिल गई है। सोमवार को आयोजित द्विवार्षिक चुनाव में सभी पदों पर सर्वसम्मति बनने के बाद पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। चुनाव प्रक्रिया रामनगर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में संपन्न हुई।
नई कार्यकारिणी में मौ. फिरोज अंसारी को अध्यक्ष चुना गया, जबकि मनु अग्रवाल महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही गुलरेज रजा को उपाध्यक्ष, जीशान मलिक को उपसचिव, मनोज सिंह बिष्ट को कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार राही को पुस्तकालयाध्यक्ष तथा विशाल रस्तोगी को प्रेस प्रवक्ता चुना गया। पूरन चंद्र पांडेय को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता बनाए रखने और बार को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और उनके हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।


नवनिर्वाचित अध्यक्ष मौ. फिरोज अंसारी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि बार के सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को नई मजबूती दी जाए। अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी बार की भूमिका प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
महासचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और साथी अधिवक्ताओं के सहयोग से संगठन को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आम लोगों को कानून और उनके अधिकारों की जानकारी देने के लिए समय-समय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
वहीं कार्यकारिणी सदस्य पूरन चंद्र पांडेय ने कहा कि सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार संस्थाओं के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दे उठाए जाएंगे।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अधिवक्ताओं ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई गई कि नई टीम अधिवक्ताओं के हितों की मजबूती से पैरवी करेगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व सचिव गौरव गोला, नावेद अख्तर सैफी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, फैजूल हक, संजीव अग्रवाल, सुमित चंद्रवंशी, शोभित अग्रवाल और आशीष दानी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
