चौन्दकोट गढ़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी

Spread the love

The post चौन्दकोट गढ़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी appeared first on Avikal Uttarakhand.

चौन्दकोट वेलफेयर सोसाइटी की बैठक

पर्यटक कॉटेज व हेरिटेज व्यू प्वाइंट का प्रस्ताव

300x250

तीलू रौतेली की जन्मतिथि पर अगले वर्ष से चौन्दकोट कौथिग, संग्रहालय व पुस्तकालय बनाने पर भी जोर

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। चौन्दकोट वेलफेयर सोसाइटी की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। 
बैठक में चौन्दकोट गढ़ी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के साथ ही क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर चर्चा हुई। महासचिव कविन्द्र ईष्टवाल ने बताया कि सोसाइटी की ओर से 15 अगस्त को चौन्दकोट गढ़ी में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने गढ़ी की भव्यता को देखते हुए इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया था।
कविन्द्र ईष्टवाल ने कहा कि चौन्दकोट वेलफेयर सोसाइटी के गठन का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना है।
अतीत में चौन्दकोट ने अनेक प्रतिभाओं और विभूतियों को जन्म दिया, लेकिन आज क्षेत्र अपनी खोई पहचान को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
जयदीप सिंह रावत ने कहा कि चौन्दकोट क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। तीलू रौतेली से जुड़े स्थलों और चौन्दकोट गढ़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अभी भी अधिकांश लोगों को चौन्दकोट गढ़ी के स्थान के बारे में जानकारी नहीं है।
बैठक में तय किया गया कि चौन्दकोट गढ़ी में पर्यटक कॉटेज और हेरिटेज व्यू प्वाइंट के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को भेजा जाएगा। गढ़ी की चारदीवारी अथवा सुरक्षा दीवार बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि ऐतिहासिक स्थल की संरचना सुरक्षित रहे। गढ़ी तक जाने वाले पैदल मार्ग के रखरखाव के लिए जिला पंचायत पौड़ी को भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इसके अलावा चौन्दकोट संग्रहालय/स्मारक, करियर काउंसलिंग सेंटर और पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने पर सहमति बनी। इसके लिए चौबट्टाखाल तहसील के आसपास की भूमि को उपयुक्त बताते हुए जिलाधिकारी पौड़ी के समक्ष प्रस्ताव रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से चौन्दकोट गढ़ी के विकास के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर ठोस परियोजना तैयार करने, चारदीवारी, पर्यटक कॉटेज और हेरिटेज व्यू प्वाइंट निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने, गढ़ी में ऐतिहासिक जानकारी वाला शिलालेख स्थापित करने तथा टीन शेड बनाने का निर्णय लिया गया।
सोसाइटी अगले वर्ष से तीलू रौतेली की जन्मतिथि 8 अगस्त को चौन्दकोट गढ़ी में ‘चौन्दकोट कौथिग’ भी आयोजित करेगी।
बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष उम्मेद सिंह गुसाईं ने की, जबकि संचालन महासचिव कविन्द्र ईष्टवाल ने किया।
बैठक में मयूरध्वज नैथानी, सतीश चंद्र नवानी, नरेंद्र सिंह रावत, डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, साहूकार सिंह रावत, धनराज सिंह नेगी, बीके धस्माना, प्रीतम सिंह रमौला, कल्पना रमौला, दुर्गा रावत, गीतांबर सिंह रमौला और नवीन नैथानी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

The post चौन्दकोट गढ़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी appeared first on Avikal Uttarakhand.