गदरपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गदरपुर कोतवाली पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया है। बरामद वाहनों में गदरपुर और रुद्रपुर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हिंद ऑयल डिस्ट्रीब्यूटर पेट्रोल पंप, गदरपुर निवासी अरुण कुमार पुत्र हाकम सिंह ने 11 अक्टूबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का मामला, दो नाबालिगों को पुलिस ने संरक्षण में लिया
वाहन चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 13 अक्टूबर को दो किशोरों को तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, संरक्षण में लिए गए किशोरों की पहचान नमन कोली (16 वर्ष) और आनंद कोली उर्फ अन्ना (15 वर्ष), दोनों निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हीरो होंडा सीडी डीलक्स और दो हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें शिकायतकर्ता की चोरी हुई बाइक भी शामिल है।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की है। दोनों किशोरों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की गई है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है, ताकि वाहन चोरी की अन्य घटनाओं से इनके संभावित संबंधों की जांच की जा सके।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, उपनिरीक्षक संजय बोरा, कांस्टेबल कुंदन सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, कांस्टेबल नवीन राम, कांस्टेबल दिनेश बिष्ट और कांस्टेबल दिनेश रावत शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
