प्रवासी सम्मेलन – संघर्ष की कहानी सुनाई, सफलता की राह दिखाई

प्रवासी सम्मेलन – संघर्ष की कहानी सुनाई, सफलता की राह दिखाई
Spread the love

The post प्रवासी सम्मेलन – संघर्ष की कहानी सुनाई, सफलता की राह दिखाई appeared first on Avikal Uttarakhand.

राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर विस्तार से हुई चर्चा

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में युवाओं को प्रभावित कर गए अतिथियों के संस्मरण

300x250

-पुरोला, सेम मुखेम जैसी जगह से निकलकर लिखे सफलता के अध्याय

-युवाओं को दिया संदेश-खुद को दें चुनौती, संघर्ष से कतई ना घबराएं

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। हौसलों की उड़ान क्या होती है। संघर्ष से सफलता का रास्ता क्या होता है। चुनौतियों को स्वीकारना और उन पर विजय पाना कैसे संभव होता है। ये तमाम सारी बातें हैं, जिन्हें जानना हर किसी के लिए जरूरी है। युवाओं के लिए तो यह ज्यादा ही जरूरी है। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का तीसरा सत्र युवाओं को ही समर्पित था। इसलिए जब देश-दुनिया में सफलता के झंडे गाड़ चुके प्रवासी उत्तराखंडियों ने अपने संघर्ष की कहानी सुनाई, तो युवाओं के लिए कई प्रेरक संदेश भी निकले।

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का दूसरा सत्र जहां तकनीकी बातों पर केंद्रित था, वही तीसरा सत्र जीवन की उन सच्चाइयों पर आधारित रहा, जो जमीनी हकीकत रहती है। चमोली के थराली क्षेत्र के एक सामान्य परिवार से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक डॉ भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा के विभिन्न पड़ावों का विस्तार से जिक्र किया। आईआईएससी बेंगलूरू में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ जोशी ने कहा कि वर्तमान में क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहे हैं। युवाओं को नए-नए तकनीकी क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक काम करना चाहिए।

उत्तराखंड में सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा ग्रहण की, लेकिन रिवर्स पलायन कर टिहरी पहुंच गई। लोकल बॉडी की राजनीति में सक्रिय इशिता ने अपने संस्मरण सुनाए। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे खुद को चैलेंज दें और ठोस काम करके दिखाएं। कंफर्ट जोन से बाहर निकलें। अपनी आईटी कंपनी के जरिये पिथौरागढ़ जैसे सीमांत इलाके से शिक्षा व अन्य विषयों पर महत्वपूर्ण काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने भी अपने संस्मरण सुनाए। उन्होंने युवाओं को सुझाव दिए कि वह पढ़ाई के दौरान ही अपने स्टार्ट अप पर काम करें। अपने प्रयासों में पास फेल होने की कतई चिंता न करें।

सत्र के दौरान प्रमुख उद्यमी राजेश राणा की संघर्ष व सफलता की कहानी भी उपस्थित युवाओं व अन्य लोगों ने गौर से सुनी। टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों तक अपना व्यवसाय फैलाने वाले राजेश राणा ने संदेश दिया-परिस्थितियों के अनुसार अपने को ढालना चाहिए। भले ही छोटा काम करने के लिए ही क्यों न मिले, उसमें हिचक नहीं होनी चाहिए। अपनी टेक्नालॉजी से संबंधित कंपनी चलाने वाले पुरोला के सेवक नौटियाल ने अपना व्यवसाय देश-दुनिया में फैलाया है। उन्होंने अपने संस्मरण सुनाए और कहा कि उद्यमिता को अपनाकर युवा अपने सपने जी सकते हैं।

बालिका वधू सीरियल फेम अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल ने बताया कि वह इंजीनियरिंग की जॉब कर रही थीं, लेकिन जीवन में ऐसा टर्निंग प्वाइंट आया कि मुंबई तक जा पहुंची। उन्होंने कहा कि करियर के मामले में युवाओं और अभिभावकों के बीच खुला संवाद होना चाहिए। लोक कलाकार कविलास नेगी ने गीतों के महत्व पर बात की और अपना प्रसिद्ध गीत पाड़ी पाड़ी मत बोलो सुनाया। प्रसिद्ध उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकार्डेड वीडियो सत्र के दौरान चलाया गया, जिसमें उन्होंने दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर बनाने के प्रस्ताव का संज्ञान लेने का राज्य सरकार से अनुरोध किया।

इससे पहले, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुरेखा डंगवाल ने स्वागत व परिचय संबोधन में कहा कि जेन जी हमारे ही बच्चे हैं। हमारी ही तरह की सोचते हैं। अंतर सिर्फ इतना भर है कि वे तकनीकी युग में हैं। इसलिए उनकी गति तेज है। उन्होंने कहा कि सामान्य स्थितियों से निकलकर सफलता की इबारत लिखने वालों के संस्मरण प्रेरणादायी होते हैं। इससे आगे बढ़ने में काफी मदद मिलती हैै।

यूकॉस्ट के डीजी प्रो दुर्गेश पंत ने कहा कि नई पीढ़ी कमाल की है। वह अच्छा काम कर रही है और आत्मविश्वास से भरी हुई है। पुराने जमाने में लोग सीमित जानकारी के साथ आगे बढे़, लेकिन आज के युवा के पास असीमित जानकारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंडियों के डीएनए में ही कठोर मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी है। इसलिए विकसित उत्तराखंड बनने में कोई अड़चन नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य तरक्की कर रहा है। आज देश की पांचवीं साइंस सिटी देहरादून में बन रही है, जिसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। सत्र के मॉडरेटर दून विश्वविद्यालय के प्रो हर्ष डोभाल रहे। उत्तराखंडी प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट ने चर्चा में भाग लेने वाले अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।

‘विकसित उत्तराखंड’ में योगदान देने को प्रवासी उत्तराखंडी तैयार
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में विषय विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, दिए अहम सुझाव
राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर विस्तार से हुई चर्चा
विकसित उत्तराखंड के संबंध में प्रवासियों की भूमिका रेखांकित
देहरादून। विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से प्रवासी उत्तराखंडी उत्साहित है। वे विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने के लिए तैयार हैं। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के दूसरे सत्र में विषय विशेषज्ञों की बातों का यही निष्कर्ष निकला । उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव दिए । उन्होंने कहा कि उत्तराखंड संभावनाओं से भरा है और वे राज्य सरकार के प्रयासों के साथ जुड़कर देवभूमि की सेवा के लिए तत्पर हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखंड के प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि राज्य सरकार विजन डॉक्यूमेंट 2047 को सामने रखकर तत्परता से काम कर रहा है। तीन चरणों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से लेकर तीव्र व सतत विकास करते हुए लक्ष्य प्राप्ति करने तक की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के जिलों में विकास को लेकर असमानता के मद्देनजर जिला स्तर पर भी डॉक्यूमेंट तैयार किए जा रहे हैं।
जीबी पंत नेशनल इंस्टीट्यूट आफ हिमालयन एनवायरमेंट के पूर्व निदेशक पदमश्री प्रो ए एन पुरोहित ने उत्तराखंड सरकार के विजन डॉक्यूमेंट को एक्सीलेंट डॉक्यूमेंट की संज्ञा दी । उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधनों की बहुतायत है। खास तौर मेडिकल प्लांट की वैज्ञानिक तरीके से खेती करके विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाई जा सकती है।

एलआईएनएसी, केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के डीजी डॉ मनोज कुमार ने पूरे देश की तरह ही सहकारिता मॉडल से उत्तराखंड को विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की आम जन तक सूचना पहुंचने के लिए एक ठोस व्यवस्था होनी जरूरी है।
आईआईएफटी के पूर्व वीसी प्रो. मनोज पंत ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि बदलते परिवेश में उत्तराखंड को शहरी सुधारीकरण पर ध्यान देना होगा । अच्छा पर्यावरण, फल खाद्य पदार्थ, पर्यटन ये हमारे मजबूत पक्ष हैं। इन्हें लेकर आगे बढ़ना होगा ।

डिश टीवी के सीओ व ईडी मनोज डोभाल ने कहा कि हमारे प्रोडक्ट बहुत अच्छे होते हैं, लेकिन बेहतर मार्केटिंग हमें सीखनी होगी। पीएचडीसीसीआई के सीईओ / जनरल सेकेट्री डॉ रणजीत मेहता ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों को जोड़ते हुए एक ऐसा प्लेटफार्म तैयार करना उचित रहेगा, जहां पर विषय विशेषज्ञ प्रवासी युवाओं को अपने अनुभव का लाभ दे सकें। विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना में प्रवासियों की भूमिका से संबंधित इस सत्र के समन्वयक डॉ मनोज पंत थे। संचालन में दून विश्वविद्यालय के प्नो.एचसी पुरोहित ने सहयोग किया । यमुनानगर से आए भारतभूषण जुयाल और दिल्ली से आए डॉ.मायाराम उनियाल ने भी विचार व्यक्त किए । प्रवासी उत्तराखंडी परिषद के उपाध्यक्ष पूरण चंद्र नैलवाल ने विषय विशेषज्ञों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए ।

Pls clik ,प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन से जुड़ी खबरें

प्रवासियों के अनुभव से प्रदेश को मिलेगी नई गति -सीएम

प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के विकास में निभाएं भागीदारी- धामी

The post प्रवासी सम्मेलन – संघर्ष की कहानी सुनाई, सफलता की राह दिखाई appeared first on Avikal Uttarakhand.