The post जनगणना की स्व-गणना पर कार्यशाला का आयोजन appeared first on Avikal Uttarakhand.
भारतीय ज्ञान परंपरा पर राष्ट्रीय परीक्षा आयोजित
अविकल उत्तराखंड

नरेंद्र नगर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्र नगर में शैक्षणिक गतिविधियों के तहत जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसके साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और बौद्धिक विरासत की समझ विकसित करने के उद्देश्य से भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा-2026 का आयोजन भी किया गया।
दोनों कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जनगणना कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय की जनगणना समिति ने किया। इसमें बीसीए विभाग प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने इंटरएक्टिव बोर्ड और फ्लो चार्ट के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से आंकड़ों में उच्च सटीकता आती है और समय एवं संसाधनों की बचत होती है। इस प्रक्रिया में व्यक्ति स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकता है।

समिति की नोडल अधिकारी डॉ. सोनी तिलारा ने जनगणना एवं स्व-गणना के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से इस प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार की अपील करते हुए कहा कि ऑनलाइन जानकारी भरने में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। प्रगणक के घर पहुंचने पर संबंधित त्रुटि का निराकरण कराया जा सकता है। प्रभारी प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने भी स्व-गणना को आंकड़ों की शुद्धता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए छात्रों को जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
दूसरी ओर, भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा-2026 का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रभाग तथा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। परीक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान प्रणाली और संस्कृति का गंभीर अध्ययन करने तथा प्राचीन ज्ञान परंपराओं को आधुनिक संदर्भ में समझने के लिए प्रेरित करना है। परीक्षा के लिए महाविद्यालय के 35 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे।
दोनों आयोजनों में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया।
The post जनगणना की स्व-गणना पर कार्यशाला का आयोजन appeared first on Avikal Uttarakhand.
