– टीवी 6 इंडिया टीम |
जसपुर – जनपद ऊधम सिंह नगर में आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा एवं आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के कुशल निर्देशन में 4 फरवरी 2026 को जसपुर एवं काशीपुर क्षेत्रों में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करना, आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना, शांति एवं सौहार्द बनाए रखना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना रहा।
कोतवाली जसपुर एवं काशीपुर पुलिस की टीमों ने पैरामिलेट्री फोर्स के साथ मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों एवं घनी आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने गलियों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से गुजरते हुए नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस दौरान आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा एवं त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, नियमित गश्त, तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, उपद्रव या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति भंग करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
