मतदाता सूची पर उठे गंभीर सवाल, हजारों वोटरों के अधिकार बचाने को पार्षदों ने प्रशासन से मांगी निष्पक्ष जांच”

Spread the love

काशीपुर। विधानसभा चुनाव से पहले 63 विधानसभा काशीपुर की मतदाता सूची को लेकर नया विवाद सामने आया है। नगर निगम काशीपुर के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज कराई गई आपत्तियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

30 से अधिक बूथों पर 1000 से ज्यादा आपत्तियां दर्ज होने का दावा, जांच पूरी होने तक किसी भी पात्र मतदाता का नाम न हटाने की मांग

ज्ञापन में कहा गया है कि विधानसभा क्षेत्र के करीब 30 से अधिक मतदान केंद्रों पर 1000 से ज्यादा मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा एक साथ बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराए जाने से पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पार्षदों ने प्रशासन से मांग की कि सभी आपत्तियों की जांच के लिए एक स्वतंत्र और सक्षम समिति गठित की जाए, जो प्रत्येक मामले की निष्पक्ष पड़ताल करे। उनका कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल आपत्ति के आधार पर मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए।

300x250

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच में किसी प्रकार की फर्जीवाड़ा, नियमों का दुरुपयोग या सुनियोजित साजिश सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ निर्वाचन कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए निर्वाचन आयोग और प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार पर आंच न आए।

ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद अब्दुल कादिर, रशीद फारुकी, सरफराज हुसैन, सादिक हुसैन, शाह आलम, हनीफ गुड्डू और मोहम्मद आरिफ सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।