यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा,बॉर्डर पर चला सघन चेकिंग अभियान

Img202608061807277947460099958925333
oplus_0
Spread the love

काशीपुर, 6 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए कुंडा पुलिस ने उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड सीमा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर वाहन चला रहे दर्जनों दोपहिया चालकों के चालान किए गए, जबकि क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चल रहे ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।

ओवरलोड ऑटो और नियमों की अनदेखी करने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई

थाना कुंडा क्षेत्र की सूर्या चौकी पर उप निरीक्षक रवीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के ऑनलाइन और नगद चालान किए गए।

इसके साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ऑटो रिक्शा संचालित करने वाले चालकों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि ओवरलोडिंग यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

300x250

उप निरीक्षक रवीश कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।