स्वच्छता चौपाल में महापौर दीपक बाली का बड़ा ऐलान, तीन प्रमाणपत्र पर 10% हाउस टैक्स में छूट

Img 20260812 Wa00676101539295294476618
Spread the love

काशीपुर। 12 अगस्त 2026 शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने की दिशा में काशीपुर नगर निगम ने जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। आवास विकास कॉलोनी स्थित अग्रसेन पार्क में मंगलवार को महापौर दीपक बाली की पहल पर पहली स्वच्छता चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में नागरिकों के साथ स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सीधा संवाद किया गया। इस दौरान नगर निगम के नए स्वच्छता गीत का भी शुभारंभ हुआ।

महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने लोगों से घरों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाली और खाली प्लॉट में फेंकने के बजाय नगर निगम के कूड़ा वाहन को देने की अपील की।

तीन स्वच्छ परिवार प्रमाणपत्र पर 10 प्रतिशत टैक्स छूट

स्वच्छता के प्रति नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए महापौर ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो परिवार घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को देंगे, उन्हें स्वच्छ परिवार प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। एक माह में तीन स्वच्छ परिवार प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले परिवारों को हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की रियायत देने की योजना लागू की जाएगी।

300x250

उन्होंने बताया कि कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम प्रत्येक घर को दो डस्टबिन निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर एक से की गई है और करीब साढ़े तीन माह में घर-घर तक डस्टबिन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

602 करोड़ की ड्रेनेज योजना का जिक्र

महापौर ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से काशीपुर के लिए करीब 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। योजना के प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक का क्षेत्र शामिल किया गया है।

उनके अनुसार प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है, जिसे 10 सितंबर को खोला जाना प्रस्तावित है। योजना के तहत नालों और नालियों को चौड़ा करने, बड़े नालों को पक्का करने तथा आवश्यक स्थानों पर स्लैब डालने जैसे कार्य किए जाएंगे।

महापौर ने कहा कि शहर की आबादी तेजी से बढ़ी है, लेकिन पुरानी जल निकासी व्यवस्था उसी अनुपात में विकसित नहीं हो सकी। ऐसे में बड़े स्तर की ड्रेनेज योजना से ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा।

बारिश के दौरान नालियों की सफाई को बताया अहम

हाल की बारिश का उल्लेख करते हुए महापौर ने कहा कि जलभराव हुआ, लेकिन कई स्थानों पर पानी अपेक्षाकृत तेजी से निकल गया। इसका एक कारण नगर निगम कर्मचारियों द्वारा नालियों से प्लास्टिक और पॉलीथीन हटाकर जल निकासी सुचारु करना भी रहा।

उन्होंने नागरिकों से सफाई मित्रों के प्रति सम्मान का भाव रखने की अपील करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी धूप, बारिश और खराब मौसम में भी शहर को साफ रखने में जुटे रहते हैं। यदि नागरिक अपने घर के सामने और आसपास के क्षेत्र की सफाई की जिम्मेदारी भी निभाएं तो शहर की तस्वीर बदल सकती है।

हर वार्ड में पहुंचेगी स्वच्छता चौपाल

चौपाल के दौरान नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी देने के लिए विभिन्न खेल और गतिविधियां भी कराई गईं। लोगों को प्लास्टिक, जैविक, रासायनिक एवं खतरनाक कचरे तथा पुनर्चक्रण योग्य सामग्री के अलग-अलग निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई।

महापौर ने कहा कि आवास विकास वार्ड नंबर 17 से शुरू हुई स्वच्छता चौपाल को नगर निगम के सभी वार्डों तक ले जाया जाएगा। उनका कहना था कि स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनअभियान बनाया जाएगा।

40 पार्कों के विकास की योजना

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण किया गया और पौधों की देखभाल तथा शहर को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई। महापौर ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठानी होगी।

उन्होंने बताया कि शहर के करीब 40 पार्कों के विकास का प्रोजेक्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा गया है। आवास विकास स्थित अग्रसेन पार्क को स्थानीय औद्योगिक संस्था पशुपति लैमिनेटर के सहयोग से बेहतर स्वरूप देने की बात भी कही गई।

15 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा

महापौर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को नगर निगम परिसर में कार्यक्रम के बाद सुबह 11:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पुराने बाजार से होते हुए अल्ली खां चौक पहुंचेगी, जहां करीब 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की।

चौपाल में पूर्व प्रधानाचार्य जेपी अग्रवाल ने महापौर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने शिष्य पर गर्व है। योग गुरु डॉ. आरसी शर्मा ने भी महापौर की कार्यशैली की प्रशंसा की। कार्यक्रम में नागरिकों ने महापौर के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, एसआई गणेश ध्यानी, एसआई इकबाल, पार्षद पुष्कर बिष्ट, पार्षद संदीप सिंह मोनू, डॉ. आरसी शर्मा, अशोक धीमान, हरिपाल चौहान, जय नंदन गुरु, आनंद सिंह रावत, जय प्रकाश अग्रवाल, दीपक चौधरी, शेष कुमार सितारा, एमपी गुप्ता, अंकुर रस्तोगी, जीके अग्रवाल, कपिल, पूनम बिष्ट, अंजली बिष्ट, पंकज जग्गा, भाव्या पांडे, सुशांत, नवीन दीवान सिंह, कृष्ण कुमार, अजय कंडारी, पीयूष प्रधान, हरीश राम आर्य, अंजु, रमा, रानी, आस्था शर्मा, गीता, रंजना, ज्योति, दुलार सिंह, हेमंत भट्ट, लक्ष्मण दास, डॉ. वेद प्रकाश चौहान, प्रदीप चौहान, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, नीरज चौधरी, नरेश पाल यादव, हरेश राम आर्य, लोकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।