रामनगर। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन और शोध की मिसाल पेश करते हुए रामनगर के अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने विधि विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की है। उन्होंने साबरमती विश्वविद्यालय, अहमदाबाद, गुजरात से अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

साबरमती विश्वविद्यालय से मिली उपाधि, चिकित्सा और विधिक पेशेवरों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर किया शोध
मनु अग्रवाल ने “चिकित्सीय एवं विधिक पेशेवरों के लिए विधिक प्रतितोष व्यवस्था तथा क्लाइंट-रोगी के कानूनी संरक्षण हेतु उपायों एवं विधिक समस्याओं का एक अध्ययन” विषय पर शोध किया। उनका शोध कार्य साबरमती विश्वविद्यालय के विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में पूरा हुआ।

अपनी इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए मनु अग्रवाल ने अपने गुरुजनों और शोध निर्देशक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह के प्रति आभार जताया। उन्होंने रामनगर के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के मार्गदर्शन और प्रेरणा को भी विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने शोध कार्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खास बात यह है कि डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे ने भी वर्ष 2024 में साबरमती विश्वविद्यालय से विधि में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी और उनके शोध निर्देशक भी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ही रहे हैं। इस तरह मनु अग्रवाल और डॉ. पाण्डे की शैक्षणिक यात्रा एक ही शोध निर्देशक के मार्गदर्शन से जुड़ी हुई है।
कई विषयों में हासिल की उच्च शिक्षा
मनु अग्रवाल की शैक्षणिक उपलब्धियां केवल विधि तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने एम.कॉम., एम.ए. राजनीति विज्ञान, एम.ए. अर्थशास्त्र, एम.ए. समाजशास्त्र, एम.ए. पब्लिक हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन, एम.ए. मास कम्युनिकेशन, एम.ए. मनोविज्ञान, एम.सी.ए., एम.बी.ए., ओ-लेवल, ए-लेवल, एल.एल.बी. और एल.एल.एम. सहित विभिन्न उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं।
अधिवक्ता मनु अग्रवाल की इस उपलब्धि पर अधिवक्ता समुदाय, सहकर्मियों और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी इस उपलब्धि को विधि के क्षेत्र में उनके निरंतर अध्ययन, शोध के प्रति समर्पण और व्यापक शैक्षणिक रुचि का परिणाम माना जा रहा है।
