काशीपुर। 17 अगस्त 2026 प्रतापपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्विफ्ट कार खेत में गिरी मिली और उसके अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। शुरुआत में पुलिस ने घटना को सड़क हादसा माना, लेकिन शव की जांच के दौरान गले पर मिले संदिग्ध चोट के निशानों ने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया। पुलिस अब दुर्घटना के साथ हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब सात बजे 112 के माध्यम से चौकी प्रतापपुर को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार खेत में गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति मौजूद है, जिसकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार और शव को खेत से बाहर निकलवाया।
स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान संजीव कुमार, पुत्र सोहन सिंह, निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर एक, कुंडेश्वरी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।


पंचनामा के दौरान सामने आया संदिग्ध पहलू
पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया। इसी दौरान शरीर पर कुछ ऐसी चोटें दिखाई दीं, जो प्रथम दृष्टया सामान्य सड़क दुर्घटना से हुई चोटों से मेल नहीं खा रही थीं। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस का शक और गहरा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने मोर्चरी पहुंचकर शव का स्वयं निरीक्षण किया और सीओ काशीपुर को भी घटनाक्रम से अवगत कराया।

हादसा या सुनियोजित हत्या?
गले पर चोट के निशान सामने आने के बाद अब पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि कहीं युवक की मौत हादसे में नहीं, बल्कि किसी आपराधिक घटना के बाद तो नहीं हुई। क्या युवक की हत्या कर शव और कार को खेत में गिराकर घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई? पुलिस जांच में इन तमाम संभावनाओं को खंगाला जा रहा है।
हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एसओजी और फील्ड यूनिट जुटी जांच में
संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और एसओजी टीम को भी जांच में लगाया है। घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल खेत में मिली कार और युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही साफ होगा कि यह महज सड़क हादसा था या फिर किसी साजिश के तहत युवक को मौत के घाट उतारकर घटना को हादसे का रूप दिया गया।
