कांग्रेस उबली- सुरक्षित’ राजधानी से महंगी चीनी तक

Spread the love

The post कांग्रेस उबली- सुरक्षित’ राजधानी से महंगी चीनी तक appeared first on Avikal Uttarakhand.

बढ़ते अपराध व महंगाई के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर

देहरादून। राजधानी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, लगातार बढ़ते गोलीकांड, महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे पर कांग्रेस ने शनिवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में “जन सुरक्षा न्याय मार्च—सुरक्षित राजधानी, जवाबदेह सरकार” निकाला गया, जबकि ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आमजन की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।

300x250


पथरी बाग से लाल पुल तक निकला जन सुरक्षा न्याय मार्च

धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पथरी बाग चौक से लाल पुल चौक तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी में बढ़ते गोलीकांड और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने कहा कि राजधानी के लोगों को डर के साए में नहीं, बल्कि सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में रहने का अधिकार है। सरकार को कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी तय कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

मार्च में रीठामंडी पार्षद इताद खान, वसीम मकरानी, आदर्श सूद, कैलाश ठाकुर, मनीष धीमान, सतेंद्र, गगन चाचर, मुरसलीन, हरि शंकर, समीर कुमार, अनिल शर्मा, लक्ष्य गोयल, अभिनव, अभिषेक डोबरियाल, गौरव रावत, नितिन उनियाल, विकास यादव, उदय यादव, सोनू, कुसुम रावत, अनीता सकलानी, रुचि रौतेला, नंदिता गढ़िया, अनुराधा, बबीता, सीमा और विजया समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय लोग शामिल हुए।


महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ प्रदर्शन

दूसरी ओर, एआईसीसी सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया चीनी पी गया तेल” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति और बढ़ती चीनी कीमतों का विरोध किया।

धस्माना ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति के कारण लोगों को एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे पेट्रोल वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एथेनॉल उत्पादन में गन्ने के इस्तेमाल के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ है और इसका असर चीनी की कीमतों पर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे अधिक असर आम आदमी पर पड़ रहा है। “सरकार ने गरीबों की थाली से भोजन और प्याली से चाय की मिठास छीन ली है।” धस्माना ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े इन मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।

उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड में महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिलों, शहरों, ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर प्रदर्शन और धरने आयोजित किए जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान मदन लाल, दिनेश कौशल, संगीता गुप्ता, मुकीम अहमद, राजेश पुंडीर, राजेश उनियाल, इलियास अंसारी, सुशीला शर्मा, कमर सिद्दीकी, विनोद कुमार, आनंद सिंह पुंडीर, यामीन खान, पूनम पुंडीर, अनिता दास, सुशील डोभाल, सोनू काजी, प्रमोद गुप्ता, अनुराग गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

The post कांग्रेस उबली- सुरक्षित’ राजधानी से महंगी चीनी तक appeared first on Avikal Uttarakhand.