पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व के जरिए एम-पैक्स को मजबूत किया जाएगा और मजबूत एम-पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत गांव ही समृद्ध उत्तराखंड की बुनियाद बनेंगे। सरकार की प्राथमिकता किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में सहकार भारती उत्तराखंड की ओर से आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारिता ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक चुनौतियों से निपटने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। इससे पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों को देखते हुए इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। एम-पैक्स के जरिए किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

धामी ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रशिक्षित और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिनिधियों को नई सोच, कार्यदृष्टि और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाने की दिशा में काम कर रही है। लक्ष्य है कि सहकारिता का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

नई सहकारिता नीति का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान तीन दिवसीय एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस दौरान सहकार ग्रंथ स्मारिका और सोशल मीडिया रील का विमोचन, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड का अनावरण तथा नई सहकारिता नीति का लोकार्पण किया गया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सहकार भारती किसानों के लिए समर्पित संस्था है और सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाना उसका प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सचिव सहकारिता डॉ. अहमद इकबाल, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित डॉ. बृजेश, डॉ. दिनेश कुमार सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
