– टीवी 6 इंडिया टीम
पंतनगर – पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने किच्छा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद पत्र सौंपते हुए आभार व्यक्त किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि 13 अक्टूबर को किच्छा में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। अब इन योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिलना किच्छा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे विकास कार्यों को जल्द गति मिलेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि किच्छा नगला मार्ग से अटरिया रोड होते हुए रुद्रपुर तक 8.5 किलोमीटर शेष भाग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा किच्छा-रुद्रपुर एनएच-74 से मलसा-कुरैया मार्ग के निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके साथ ही गोबिंद बल्लभ कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्विद्यालय, पंतनगर के अंबेडकर पार्क में डा बी आर आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए केएमवीएन को 45.88 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
वहीं किच्छा के पुराने टैक्सी स्टैंड पर भारत-पाकिस्तान विभाजन विभीषिका के सेनानियों की स्मृति में स्मारक निर्माण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को 51.51 लाख रुपये तथा किच्छा के बंडीया नमक फैक्ट्री पुल निर्माण के प्रथम चरण के लिए 8.58 लाख रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग को जारी की गई है।
पूर्व विधायक ने कहा कि इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने से किच्छा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यह परियोजनाएं क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किच्छा क्षेत्र से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में क्षेत्र लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किच्छा के विकास के लिए जो घोषणाएं की थीं, उन्हें अब वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है। इन योजनाओं के पूरा होने से सड़क, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। किच्छा की जनता मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करती है।”
