शय्याग्रस्त दो राज्य आंदोलनकारियों के सहायक के लिए धनराशि मंजूर

शय्याग्रस्त दो राज्य आंदोलनकारियों के सहायक के लिए धनराशि मंजूर
Spread the love

The post शय्याग्रस्त दो राज्य आंदोलनकारियों के सहायक के लिए धनराशि मंजूर appeared first on Avikal Uttarakhand.

रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोली से हुए थे घायल

20-20 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे

300x250

पहले से मिल रही है 30 हजार रुपये मासिक विशेष सम्मान पेंशन

अविकल थपलियाल

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोली से घायल होकर दिव्यांग और पूरी तरह शय्याग्रस्त हुए दो राज्य आंदोलनकारियों की देखरेख के लिए सरकार ने 20-20 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता मंजूर की है। इस धनराशि से दोनों आंदोलनकारियों के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था की जाएगी।

सचिव गृह शैलेश बगौली ने 6 नवम्बर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया। इसके तहत हरिद्वार जिले के रुड़की निवासी प्रकाश चन्द्र कांन्ति पुत्र जय कृष्ण कांन्ति तथा देहरादून निवासी अमित ओबराय को यह सुविधा मिलेगी।

शासनादेश के अनुसार, दोनों आंदोलनकारी राज्य आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली से घायल हुए थे। गंभीर रूप से विकलांग होने के कारण वे पूरी तरह बिस्तर पर रहने को मजबूर हैं। वर्तमान में उन्हें शासनादेश के तहत 30 हजार रुपये प्रतिमाह विशेष सम्मान पेंशन दी जा रही है। अब उनकी दैनिक देखभाल और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सहायक रखने के लिए अलग से 20 हजार रुपये प्रतिमाह देने का निर्णय लिया गया है।

राज्यपाल ने इस अतिरिक्त आर्थिक सहायता को स्वीकृति प्रदान की है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में होने वाला व्यय राज्य आंदोलनकारी पेंशन मद के तहत सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण कार्यक्रम से वहन किया जाएगा। वित्त विभाग की सहमति के बाद शासन ने यह आदेश जारी किया है।

इस निर्णय से दोनों आंदोलनकारियों को अब विशेष सम्मान पेंशन के 30 हजार रुपये के अतिरिक्त सहायक की व्यवस्था के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। यानी प्रत्येक को कुल 50 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता उपलब्ध होगी।

धामी सरकार के इस फैसले की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। आंदोलनकारी शक्तियों ने इसे सराहनीय कदम करार दिया।

प्रेषक,

शैलेश बगौली,

सचिव,

उत्तराखण्ड शासन।

सेवा में,

जिलाधिकारी,

हरिद्वार/देहरादून,

उत्तराखण्ड।

गृह अनुभाग-8

देहरादून: दिनांक 06

नवम्बर, 2026

विषयः-उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन के दौरान विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त (Bedridden) हुए दो राज्य आन्दोलनकारियों की समुचित देखरेख के सम्बन्ध में एक-एक सहायक हेतु रूपये 20.000/- प्रतिमाह धनराशि प्रदान किये जाने के सम्बन्ध में।

महोदय,

कृपया उपर्युक्त विषयक अवगत कराया जाना है कि वर्तमान में उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन के दौरान विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त (Bedridden) हुए राज्य आन्दोलनकारियों को शासनादेश संख्या-1/370049/XX (8)/26-04 (रा०आ०)/2022, दिनांक-11.02.2026 के माध्यम से रूपये 30,000/- प्रतिमाह विशेष सम्मान पेंशन प्रदान की जा रही हैं।

2-अतः उक्त संदर्भित शासनादेश से इतर सम्यक् विचारोपरान्त श्री राज्यपाल महोदय उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन के दौरान रामपुर तिराहा काण्ड में पुलिस की गोलियों से घायल एवं तक्रम में विकलांग होकर पूर्णतः शय्याग्रस्त (Bedriddon) हुए निम्नवत् दो राज्य आन्दोलनकारियों की समुचित देखरेख के सम्बन्ध में एक-एक सहायक हेतु रूपये 20,000/- (रूपये बीस हजार मात्र) प्रतिमाह धनराशि प्रदान किये जाने की सहर्ष स्वीकृति प्रदान करते हैं:-

(1) श्री प्रकाश चन्द्र कान्ति पुत्र श्री जय कृष्ण कान्ति, निवासी-111 अशोकनगर, पोस्ट ऑफिस-मिलापनगर, तहसील-रुड़की, जनपद हरिद्वार।

(2) श्री अमित ओबराय, निवासी-देहरादून।

3-इस संबंध में होने वाला व्यय चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या-07. लेखाशीर्षक-2235-सामाजिक सुरक्षा तथा कल्याण-60-अन्य सामाजिक सुरक्षा तथा कल्याण कार्यक्रम-200-अन्य कार्यकम-08-राज्य आन्दोलनकारी पेंशन (अनुदान संख्या-15 से स्थानान्तरित)-00-अन्य सामाजिक सुरक्षा-57-सामाजिक सुरक्षा (पेंशन) के नामे डाला जायेगा।

4- यह आदेश वित्त विभाग के अशा० पत्र संख्या-1/446954/XXVII(7)/2026, दिनांक- 06.11.2026 में प्राप्त उनकी सहमति से जारी किया जा रहा है।

The post शय्याग्रस्त दो राज्य आंदोलनकारियों के सहायक के लिए धनराशि मंजूर appeared first on Avikal Uttarakhand.