The post ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग का सदस्य गिरफ्तार appeared first on Avikal Uttarakhand.
गैंगस्टर एक्ट में वांछित रवि गुप्ता सोनौली से गिरफ्तार
नेपाल भागने की फिराक में था

अविकल उत्तराखंड
देहरादून। दून पुलिस ने ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग के 25 हजार रुपये के इनामी सदस्य रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार किया है। आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की तैयारी में था।
ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा सहित उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से रवि कुमार गुप्ता लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी परमेन्द्र डोभाल ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, गैंग के सदस्य भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देते थे। फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भी लोगों को भयभीत किया जाता था।
रवि की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि रवि अपने साथियों की मदद से सोनौली के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर 28 अगस्त को सोनौली में दबिश दी और महिंद्रा स्कॉर्पियो (UK-14-N-5344) से रवि कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से नेपाल कस्टम द्वारा जारी वाहन आवाजाही संबंधी दस्तावेज, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने से संबंधित अभिलेख और वाहन अनुमति-पत्र बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रवि गुप्ता के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में चार मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
The post ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग का सदस्य गिरफ्तार appeared first on Avikal Uttarakhand.
