श्री गुरु राम राय विवि का आईआईटी दिल्ली के साथ एमओयू

Spread the love

The post श्री गुरु राम राय विवि का आईआईटी दिल्ली के साथ एमओयू appeared first on Avikal Uttarakhand.

एआई, आधुनिक कृषि, हेल्थ साइंसेज और अत्याधुनिक अनुसंधान के क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ेंगे दोनों संस्थान

देश के नम्बर 1 इंजीनियरिंग संस्थान से एमओयू का एसजीआरआरयू इंजीनियरिंग छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ

अविकल उत्तराखंड

300x250

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) और देश के प्रतिष्ठित तकनीकी एवं शोध संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) दिल्ली के बीच गुरुवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसका सीधा लाभ एसजीआरआरयू के इंजीनियरिंग छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इस खुशी में एसजीआरआर विश्वविद्यालय में जश्न का माहौल रहा और मिठाईयां बांटी गई। इस एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिक कृषि, हेल्थ साइंसेज, नवाचार एवं अत्याधुनिक अनुसंधान के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को नई दिशा देंगे। निकट भविष्य में आईआईटी दिल्ली के वैज्ञानिक और शिक्षाविद श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग छात्र-छात्राओं के रूबरू होंगे उनसे संवाद करेंगे। एमओयू का उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को देश-दुनिया में हो रहे नवीनतम शोध एवं तकनीकी विकास से जोड़ना तथा उन्हें अत्याधुनिक अनुसंधान के साथ व्यावहारिक अनुभव और नई संभावनाओं से रूबरू कराना है। आईआईटी दिल्ली जैसे विश्वविख्यात संस्थान के साथ यह अकादमिक साझेदारी एसजीआरआर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए उच्च स्तरीय शोध, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के अकादमिक अवसरों के नए द्वार खोलेगी।

गुरुवार को नई दिल्ली स्थित आईआईटी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डाॅ. लोकेश गम्भीर ने तथा आईआईटी दिल्ली की ओर से प्रो. (डाॅ.) अश्विनी के अग्रवाल ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डाॅ. लोकेश गम्भीर ने कहा कि यह एमओयू एसजीआरआर विश्वविद्यालय में रिसर्च, इनोवेशन और इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि समझौते के तहत दोनों संस्थानों के बीच फैकल्टी एक्सचेंज, छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों के लिए अकादमिक एक्सचेंज, नवीन शोध एवं तकनीकी जानकारियों का आदान-प्रदान तथा अत्याधुनिक शोध परियोजनाओं पर संयुक्त रूप से कार्य करने के अवसर विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आईआईटी दिल्ली की विशेषज्ञता और एसजीआरआर विश्वविद्यालय की विभिन्न विषयों में अकादमिक एवं शोध क्षमताओं के बीच सहयोग से विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने, शोध कौशल विकसित करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने ज्ञान एवं दक्षताओं को निखारने का अवसर मिलेगा।

एमओयू के तहत दोनों संस्थान आधुनिक एवं उभरते क्षेत्रों में संयुक्त शोध को प्रोत्साहित करेंगे। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक कृषि तकनीक, हेल्थ साइंसेज और अन्य समकालीन विषयों में सहयोग की संभावनाएं तलाशते हुए शोध एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा।

एसजीआरआर विश्वविद्यालय और आईआईटी दिल्ली के बीच यह साझेदारी शिक्षा को शोध, नवाचार और तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल विद्यार्थियों और शोधार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता एवं शोध संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान एवं तकनीकी सहयोग को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर डाॅ लोकेश गम्भीर, कुलसचिव, डाॅ पंकज कुमार गर्ग, डाॅ सोनिया गम्भीर, डाॅ अशोक भण्डारी उपस्थित रहे।

The post श्री गुरु राम राय विवि का आईआईटी दिल्ली के साथ एमओयू appeared first on Avikal Uttarakhand.