काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना अगला लक्ष्य, जनता के नाम किया स्वच्छता सम्मान:दीपक बाली

Img 20261117 Wa0025
Spread the love

काशीपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में काशीपुर को उत्तराखंड में प्रथम स्थान मिलने के बाद नगर निगम में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस उपलब्धि को लेकर नगर निगम सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर दीपक बाली ने राष्ट्रपति द्वारा प्राप्त सम्मान को शहर की जनता के नाम समर्पित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन नगर निगम का सफर यहीं समाप्त नहीं होता। अब काशीपुर को स्वच्छता के मामले में देश का नंबर-1 शहर बनाना प्राथमिकता है।

नगर निगम के सम्मान समारोह में बोले महापौर- शहरवासियों और पर्यावरण मित्रों की मेहनत से मिली उपलब्धि, नैनी पेपर्स ने विकास कार्यों के लिए हर साल एक करोड़ रुपये देने का किया ऐलान

महापौर ने कहा कि इस सम्मान के असली हकदार काशीपुर के नागरिक, सफाई व्यवस्था में जुटे पर्यावरण मित्र, नगर निगम के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, उद्यमी और सामाजिक संस्थाएं हैं। सभी के सहयोग और जागरूकता से ही शहर ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि शहरवासी अपनी जिम्मेदारी इसी तरह निभाते रहे तो काशीपुर राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर स्थान प्राप्त कर सकता है।

दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से नगर के विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें समाज के सभी वर्गों का सहयोग प्राप्त हुआ है। उनका उद्देश्य किसी आलोचना का जवाब देना नहीं, बल्कि अपने कार्यों के माध्यम से काशीपुर को विकास की नई पहचान दिलाना है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर जनता किसी भी तरह का सवाल पूछ सकती है और वह हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

300x250

महापौर ने विश्वास जताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में मिली इस उपलब्धि से काशीपुर को विकास की अन्य योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से शहर में विकास की नई संभावनाएं बनेंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखें और स्वच्छता को अपनी आदत का हिस्सा बनाएं।

समारोह में नैनी पेपर्स के प्रबंध निदेशक पवन अग्रवाल की घोषणा भी चर्चा का विषय रही। महापौर ने बताया कि राष्ट्रीय सम्मान मिलने के अवसर पर ही पवन अग्रवाल ने नगर निगम को सीएसआर मद से प्रतिवर्ष एक करोड़ रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया था। पवन अग्रवाल ने कहा कि महापौर दीपक बाली शहर के विकास को लेकर लगातार सक्रिय रहते हैं। काशीपुर के हित में नगर निगम को उनकी संस्था से जिस सहयोग की आवश्यकता होगी, उसमें वह पीछे नहीं हटेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर उषा चौधरी के पहुंचने पर दीपक बाली ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उन्हें मंच पर अपनी कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व महापौर के प्रति सम्मान प्रकट किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम को मिली यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। भाजपा नेता आशीष गुप्ता ने भी उन्हें बधाई दी। प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि दीपक बाली काशीपुर को नई पहचान दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

समारोह में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महापौर एवं पार्षदों का स्वागत कर स्वच्छता अभियान में आगे भी सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। ख्वाइश एनजीओ के बच्चों ने स्वच्छता पर आधारित गीत प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने किया।

इस दौरान पूर्व महापौर उषा चौधरी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, सफाई नायक, पर्यावरण मित्र तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। समारोह में महापौर के अभिनंदन के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी।