The post लाखों की साइबर ठगी में अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार appeared first on Avikal Uttarakhand.
शेयर मार्केट-IPO में निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगी
एक आरोपी के खाते में पहुंचे ₹27.20 लाख

अविकल उत्तराखंड
देहरादून। एसटीएफ ने शेयर मार्केट और IPO में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार रजक (40) निवासी वेस्ट बरानगर, कोलकाता और सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई (32) निवासी गार्डन रीच, कोलकाता के रूप में हुई है। दोनों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर देहरादून लाया गया।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपियों ने खुद को अमेरिका और भारत के शेयर बाजार से जुड़ा बताकर पीड़ितों को शेयर मार्केट और IPO में निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा दिया। देहरादून साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में 16 अक्टूबर से 18 नवंबर 2025 के बीच विभिन्न बैंक खातों में ₹47.63 लाख जमा कराए गए। वहीं पटेलनगर से एसटीएफ को हस्तांतरित दूसरे मामले में अक्टूबर 2025 में ₹18.54 लाख की रकम जमा कराई गई। दोनों मामलों में कुल ₹66.18 लाख की रकम ठगी गई।
जांच के दौरान बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में Bank of Baroda का RAJAK & COMPANY के नाम से संचालित खाता सामने आया। पुलिस के मुताबिक, इस खाते का संबंध आरोपी राकेश कुमार रजक से पाया गया। दोनों मामलों में इस खाते में क्रमशः ₹15 लाख और ₹12.20 लाख, कुल ₹27.20 लाख ट्रांसफर किए गए। इसके बाद रकम RTGS समेत अन्य माध्यमों से दूसरे बैंक खातों में भेजी गई।
खाते के खिलाफ 19 से ज्यादा साइबर शिकायतें, WhatsApp चैट से खुला राज
पुलिस जांच में उक्त बैंक खाते के संबंध में NCRP पोर्टल पर 19 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं। राकेश के मोबाइल की जांच में सैयद शादाब अली के साथ हुई WhatsApp चैट भी बरामद हुई। चैट के विश्लेषण में नेट बैंकिंग उपलब्ध कराने और उसके बदले कमीशन लेने से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। एसटीएफ के अनुसार, शादाब खातों की खरीद-फरोख्त में मुख्य आरोपी है।
मामले में पीड़ित की ₹12 लाख की होल्ड धनराशि की रिकवरी के लिए न्यायालय का आदेश संबंधित बैंक को भेजा जा चुका है। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट, IPO या ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
The post लाखों की साइबर ठगी में अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार appeared first on Avikal Uttarakhand.
