The post उत्तराखंड आयुर्वेद विवि ने एफआईआर के लिए पुलिस को लिखा पत्र appeared first on Avikal Uttarakhand.
धांधली- नीट स्कोर कार्ड में 100 अंकों का अंतर
काउंसलिंग में 315 अंक का स्कोर कार्ड पेश करने का आरोप

विश्वविद्यालय की सूची में दर्ज थे 215 अंक
काउंसलिंग बोर्ड ने मामले को संदिग्ध और कूटरचित माना
अविकल थपलियाल
देहरादून। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की 24 नवंबर को आयोजित काउंसलिंग में नीट स्कोर कार्ड से जुड़ी कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। एक अभ्यर्थी के नीट स्कोर कार्ड में दर्ज अंकों और विश्वविद्यालय को उपलब्ध आधिकारिक सूची में दर्ज अंकों के बीच 100 अंकों का अंतर पाए जाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। काउंसलिंग बोर्ड ने भी इस मामले को संदिग्ध और कूटरचित मानते हुए विश्वविद्यालय को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पाण्डेय ने 24 नवंबर 2026 को थाना अध्यक्ष, डोईवाला को पत्र भेजा है। पत्र में बताया गया है कि फरीदाबाद, हरियाणा निवासी अनुराग खरे अपनी पुत्री आस्था खरे की काउंसलिंग के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे थे। अभ्यर्थी का नीट रोल नंबर 2301204173 है।
विश्वविद्यालय के पत्र के अनुसार, काउंसलिंग के दौरान अनुराग खरे ने अपनी पुत्री का नीट स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें 315 अंक दर्ज थे। जबकि विश्वविद्यालय को प्राप्त आधिकारिक सूची में आस्था खरे के नीट स्कोर 215 अंक दर्ज हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में अनुराग खरे की ओर से 23 नवंबर 2026 को शाम 7:13 बजे ई-मेल भी भेजा गया था। इसके साथ एक सूची भी प्रस्तुत की गई, जिसमें उनकी पुत्री के 315 अंक दर्शाए गए थे।

मामले में एक और तथ्य सामने आया। विश्वविद्यालय के अनुसार, अनुराग खरे ने काउंसलिंग के दौरान स्वयं उपस्थित होकर दो अलग-अलग आवेदन फार्म भी प्रस्तुत किए। इनमें एक फार्म में नीट के 315 अंक और दूसरे में 215 अंक दर्ज थे। विश्वविद्यालय के काउंसलिंग कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत स्कोर कार्ड पर तैयार ट्यूपर कोड (QR Code) को स्कैन करने पर भी आस्था खरे के अंक 215 ही प्रदर्शित हुए।
विश्वविद्यालय ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि नीट के अभ्यर्थियों का आधिकारिक डाटा राज्य सरकार के हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून से प्राप्त होता है। ऐसे में अभ्यर्थी की ओर से प्रस्तुत स्कोर कार्ड और आधिकारिक डाटा में अंतर को गंभीरता से लिया गया।
पत्र के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण को काउंसलिंग बोर्ड के समक्ष रखा गया। बोर्ड ने मामले को संदिग्ध एवं कूटरचित मानते हुए विश्वविद्यालय को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस से अनुरोध किया है कि प्रस्तुत स्कोर कार्ड के आधार पर काउंसलिंग प्रक्रिया में कथित रूप से गलत तरीके से प्रवेश पाने के प्रयास की जांच की जाए और संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस को नीट स्कोर कार्ड, दो अलग-अलग आवेदन फार्म, 23 नवंबर को भेजे गए ई-मेल, अनुराग खरे के आधार कार्ड तथा उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।
फिलहाल यह मामला पुलिस जांच का विषय है। स्कोर कार्ड में अंकों के अंतर के पीछे की वास्तविक वजह और कथित कूटरचना की जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
The post उत्तराखंड आयुर्वेद विवि ने एफआईआर के लिए पुलिस को लिखा पत्र appeared first on Avikal Uttarakhand.
