खेल-खेल में खूनी वारदात, चाकू के हमले में 12 वर्षीय किशोर की मौत

Img 20260904 091101094469913896307849305
Spread the love

जसपुर। खेलने-कूदने की उम्र में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक 12 वर्षीय किशोर की जान चली गई। जसपुर के छिपियान मोहल्ले में बैडमिंटन खेलने के दौरान हुए विवाद में एक विधि विवादित किशोर पर 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान के सीने पर फोल्डिंग चाकू से वार करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल ईशान की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

बैडमिंटन खेलने के दौरान बच्चों में हुआ विवाद, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना; विधि विवादित किशोर संरक्षण में

बताया जा रहा है कि 31 अगस्त की दोपहर ईशान अपने कुछ दोस्तों के साथ गली में बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान शटलकॉक गंदे पानी की नाली में गिर गई। ईशान ने शटलकॉक उठाकर स्कूटी पर बैठे दूसरे बच्चे की ओर मार दी। इसके बाद दोनों बच्चों के बीच शटलकॉक को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बैडमिंटन रैकेट से वार किया गया और इसके बाद स्कूटी पर बैठे विधि विवादित किशोर ने जेब से फोल्डिंग चाकू निकालकर ईशान के सीने पर वार कर दिया।

300x250

चाकू लगने के बाद ईशान खून से लथपथ हालत में गली के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंचा। बताया गया कि वहां पट्टी कराने के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज बनी अहम कड़ी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और चश्मदीदों के बयान जांच में अहम साबित हो रहे हैं। पुलिस ने विधि विवादित किशोर को दो सितंबर को संरक्षण में लिया। उसकी निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि संबंधित किशोर पहले भी किसी बच्चे पर हमला कर चुका था। परिजनों का यह भी दावा है कि पिछले कुछ दिनों से उसके पास चाकू होने की बात लोगों को पता थी। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

बच्चों में बढ़ती हिंसा ने खड़े किए सवाल

घटना ने बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और आपराधिक गतिविधियों के प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेलने-कूदने की उम्र में बच्चों तक हथियार पहुंचना परिवार और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है। गलत संगत, हिंसक माहौल, अपराध से जुड़े कंटेंट और परिवार की निगरानी में कमी जैसे कारण बच्चों के व्यवहार को प्रभावित कर सकते हैं।

ऐसे में विशेषज्ञों के अनुसार परिवारों को बच्चों की संगत, व्यवहार और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ उन्हें विवाद का शांतिपूर्ण समाधान और हिंसा से दूर रहने की सीख देने की जरूरत है। यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज के लिए भी चेतावनी है कि बच्चों को अपराध और हिंसा के माहौल से बचाने के लिए समय रहते गंभीर प्रयास किए जाएं।

एसएसपी ने बताया

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 31 अगस्त को दोपहर के समय 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान विधि विवादित किशोर के साथ विवाद हुआ, जिसमें उसने जेब से फोल्डिंग चाकू निकालकर ईशान पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सितंबर को विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से मिले साक्ष्यों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर चाकू भी बरामद किया गया है। किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।