प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने काशीपुर को दी विकास योजनाओं की सौगात

Img 20260727 Wa00315625712316911279085
Spread the love

काशीपुर। नगर निगम सभागार में सोमवार को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने काशीपुर के विकास को गति देने वाली 44.36 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए जनसेवा शिविरों के माध्यम से शासन को जनता के द्वार तक ले जाया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंत्री प्रदीप बत्रा का विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

अपने संबोधन में मंत्री बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसेवा शिविरों में विभागीय अधिकारी मौके पर ही समस्याओं का समाधान कर रहे हैं और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

300x250

उन्होंने काशीपुर के परिवहन ढांचे को मजबूत बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि शहर के लिए नया रोडवेज बस स्टेशन शीघ्र बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही शहर में आधुनिक बस स्टॉप विकसित किए जाएंगे तथा काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा को जोड़ने के लिए करीब 20 नई सिटी बसें संचालित करने की तैयारी है। इनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम द्वारा खरीदी जा रही 200 नई बीएस-6 बसों में से कुछ बसें काशीपुर को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण को लेकर प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान 13.01 करोड़ रुपये की 49 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 31.35 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली-नाला निर्माण, ईवी चार्जिंग स्टेशन और वेंडिंग जोन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत सहायता राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां और अन्य योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।