भाजपा अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन में संगठन विस्तार पर जोर, डॉ. यूनुस चौधरी बोले—2027 में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार

Img 20260730 Wa00128701353207028083456
Spread the love

जसपुर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जसपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अल्पसंख्यक समाज के बीच अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में आयोजित अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की भागीदारी देखने को मिली। सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने का संकल्प दोहराया गया।

मुख्य अतिथि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने हज कोटा में वृद्धि, बाबरखेड़ा क्षेत्र के विकास, जसपुर में अल्पसंख्यक बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की पहल तथा रेडियो स्टेशन की स्थापना जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

सम्मेलन के दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा की गई। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़, प्रदेश प्रभारी राकेश गिरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल का आयोजक डॉ. यूनुस चौधरी और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

300x250

अपने संबोधन में डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार अल्पसंख्यक समाज के उत्थान और विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि वह लगातार अल्पसंख्यक समाज के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और लोगों को भाजपा की नीतियों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा की विचारधारा और विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ एवं प्रभारी राकेश गिरी ने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन शरीफ अहमद ने किया। इस अवसर पर सरकारी सेवाओं में चयनित अल्पसंख्यक समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित भी किया गया।

सम्मेलन में सांसद प्रतिनिधि तीरथ सिंह, नफीस सिद्दीकी, विनीत चौहान, फैजल, राजा, रईस अहमद, फखरुद्दीन, शमीम प्रधान, नईम प्रधान, उस्मान, शब्बू, सादिक अली, तौफिक अहमद, सरफराज, सारिम, जमीर अहमद, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।