कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर दो राज्यों की पुलिस एकजुट, समन्वय गोष्ठी में बनी कार्ययोजना

Img 20260730 2321067032095461725408856
Oplus_16908288
Spread the love

काशीपुर। आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार कर ली है। इसी क्रम में कोतवाली आईटीआई क्षेत्र स्थित आईजीएल गेस्ट हाउस में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों की अंतर्राज्यीय समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस समन्वय को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। बड़े वाहनों के संचालन पर आवश्यकतानुसार प्रतिबंध और प्रभावी रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा, ताकि यात्रा मार्गों पर यातायात सुचारू बना रहे। साथ ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े थाना क्षेत्रों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी महत्वपूर्ण सूचना का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

गोष्ठी में यह भी तय किया गया कि उत्तर प्रदेश में 17 और 24 अगस्त को होने वाले अतिरिक्त जलाभिषेक कार्यक्रमों को देखते हुए उन तिथियों पर भी सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था और बड़े वाहनों के संचालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। दोनों राज्यों की पुलिस किसी भी आकस्मिक स्थिति से संयुक्त रूप से निपटने के लिए समन्वित कार्रवाई करेगी।

300x250

बैठक के बाद क्षेत्राधिकारी बाजपुर/काशीपुर अखिलेश कुमार ने सर्किल के थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की ब्रीफिंग करते हुए कांवड़ यात्रा ड्यूटी से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ियों के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी विवाद या दुर्घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी आवश्यक उपकरणों के साथ ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे तथा अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखेंगे। सड़क दुर्घटना या किसी अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर विधिक कार्रवाई करते हुए यातायात को शीघ्र सामान्य कराने का प्रयास करेगी।

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी संबंधित अधिकारी यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, डायवर्जन प्वाइंट और दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।

गोष्ठी में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी स्वार सोनम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बिलासपुर हर्षिता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं उत्तराखंड पुलिस की ओर से क्षेत्राधिकारी बाजपुर/काशीपुर अखिलेश कुमार तथा दोनों राज्यों के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षक, चौकी प्रभारी, सीपीयू कर्मी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।