पंत जयंती पर काशीपुर में श्रद्धांजलि, बच्चों ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग

Img 20260911 104552388345352918834642161
Spread the love

काशीपुर। भारत रत्न एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती बुधवार को काशीपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। रेलवे स्टेशन रोड स्थित पंडित पार्क में गोविंद बल्लभ पंत पार्क समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर दीपक बाली ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रनिर्माता को नमन किया।

भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर आयोजन, महापौर दीपक बाली ने किया माल्यार्पण

इस अवसर पर ख्वाहिश एनजीओ के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में आकर्षण का रंग भर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

300x250

पंत के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि : दीपक बाली

महापौर दीपक बाली ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज पूरा देश उनके योगदान और राष्ट्रसेवा को याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंत जी के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर उनके बताए आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महापौर ने पंत जयंती के आयोजन के लिए समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को महान विभूतियों के योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पंत जयंती मनाना परिवार की परंपरा : गौतम मल्होत्रा

आयोजक गौतम मल्होत्रा ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को शब्दों में समेटना संभव नहीं है। देश और समाज के लिए उनका योगदान हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में परदादा के समय से ही पंत जयंती मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस परंपरा को आगे बढ़ाना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के महान नेताओं के जीवन और संघर्ष से जोड़ना भी ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। आयोजन में स्थानीय लोगों और समिति से जुड़े सदस्यों की सहभागिता रही।