बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर 4 मकान मालिकों पर 40 हजार का जुर्माना,12 लोगों पर कार्रवाई

Img 20260802 Wa00127562785412975475159
Spread the love

काशीपुर। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रविवार को कोतवाली काशीपुर पुलिस ने कटोराताल और बांसफोड़ान चौकी क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों का गहन सत्यापन किया।

सत्यापन के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखने वाले चार मकान मालिकों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए। इस प्रकार कुल 40 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत आठ अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित विशेष सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों और अन्य लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

300x250

काशीपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी किरायेदार, घरेलू सहायक, कर्मचारी अथवा बाहरी व्यक्ति को अपने मकान, दुकान या प्रतिष्ठान में रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर दें।

पुलिस का कहना है कि आमजन की सतर्कता और सहयोग से ही अपराधमुक्त एवं सुरक्षित काशीपुर का निर्माण संभव है।