काशीपुर। सोमवार सुबह काशीपुर में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। कपड़े सुखाने के लिए छज्जे पर रस्सी बांधते समय मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में पति-पत्नी मलबे में दब गए। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका पति अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जनपद के थाना नगीना क्षेत्र के ग्राम नेमतपुर इशकीपुरा निवासी मानसिंह ने बसई हरियावाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज के समीप मकान बनवाया है। उसका छोटा भाई धर्मेंद्र अपनी पत्नी पूजा और दो छोटे बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में दो दिन पहले ही काशीपुर आया था। परिवार को उम्मीद थी कि धर्मेंद्र को जल्द ही किसी फैक्ट्री में काम मिल जाएगा और परिवार की नई शुरुआत होगी, लेकिन सोमवार की सुबह यह उम्मीद मातम में बदल गई।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब आठ बजे धर्मेंद्र मकान के छज्जे पर कपड़े सुखाने के लिए रस्सी बांध रहा था, जबकि उसकी पत्नी पूजा नीचे बैठकर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छज्जे का भारी मलबा सीधे पूजा पर आ गिरा, जबकि धर्मेंद्र भी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों को मलबे से बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान पूजा ने दम तोड़ दिया। वहीं धर्मेंद्र का उपचार जारी है।
घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। दो दिन पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर काशीपुर पहुंचे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूजा की मौत से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि पति अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर छज्जे के जर्जर होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
