काशीपुर। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र की पैगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर-3, मढ़ैया देवी में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेहबिश चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता का वर्ष 2004 में निधन हो चुका था। परिजनों के अनुसार, मेहबिश ने इसी वर्ष काशीपुर स्थित राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से बीए फाइनल किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहबिश की हत्या पड़ोस के एक घर में किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि पड़ोसी साजिद युवती के शव को उसके घर पर छोड़कर वहां से चला गया। घटना के समय घर में महिलाएं मौजूद थीं। वारदात के बाद आरोपी बताए जा रहे साजिद का परिवार मौके से फरार बताया जा रहा है।


घटना की जानकारी मिलते ही आईटीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हत्या के कारणों के साथ ही घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
