काशीपुर, 27 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सोमवार को काशीपुर के एक अस्पताल परिसर में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सभी ने अपनी मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस जनअभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता चेतन अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है, जिससे ऑक्सीजन की उपलब्धता प्रभावित हो रही है और प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यह न केवल मातृ सम्मान का प्रतीक होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने से वातावरण स्वच्छ होगा, प्रदूषण पर नियंत्रण मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण मिल सकेगा।
भाजपा नेता अमन बाली ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृ सम्मान को समर्पित एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि पेड़ जीवन का आधार हैं और यही हमें शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ हवा तथा संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे। इससे भविष्य की पीढ़ियों को हरियाली, स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण का अमूल्य उपहार मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
