राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों पर खरा उतरने की जरूरत :अलका पाल, स्थापना दिवस पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Img 20261109 Wa0041
Spread the love

काशीपुर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर काशीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुरानी सब्जी मंडी स्थित छोटे नीम स्मारक पर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष श्रीमती अलका पाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने शहीदों को नमन कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि लाखों लोगों के संघर्ष, आंदोलन और बलिदान की पहचान है। राज्य आंदोलनकारियों ने बेहतर भविष्य, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्रीय विकास की उम्मीद के साथ अलग राज्य की मांग उठाई थी। आज आवश्यकता है कि उन सपनों को धरातल पर उतारने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाएं।

महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों का बलिदान प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पीछे जिन भावनाओं और उद्देश्यों की कल्पना की गई थी, वर्तमान परिस्थितियों में वे अपेक्षाएं पूरी होती दिखाई नहीं दे रही हैं। प्रदेश के जल, जंगल और जमीन पर लगातार संकट बढ़ रहा है। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने के बजाय उनका दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रदेश के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के हित में काम करना चाहिए। शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

300x250

एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुपम शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान लोगों ने जिस उद्देश्य को लेकर संघर्ष किया था, उसे आज भी पूरी तरह हासिल नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा पर माफियाओं का बढ़ता प्रभाव और स्थानीय हितों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है। राज्य की संपत्तियों और संसाधनों पर पहला अधिकार यहां के लोगों का होना चाहिए। सरकार को शहीदों की भावनाओं के अनुरूप नीतियां बनाकर उत्तराखंड के मूल स्वरूप, पर्यावरण और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, सुशील गुड़िया, विमल गुड़िया, जितेंद्र सरस्वती, सुरेंद्र बाटला, मंसूर अली मंसूरी, टीका सिंह सैनी, चक्रेश जैन, हरदेव सिंह, शरीम सैफी, हैरी, पंकज पंत, मोहम्मद सैफ, अनीश अंसारी, परम सिद्धू, कुलदीप सिंह ऐरी, विनोद होंडा, सलमान अली, सुभाष चंद्र, हनीफ गुड्डू, साबिर हुसैन, डॉ. आरिफ, कलुआ महागीर, जगदीश पाल, दीपक गुप्ता, ठाकुर अनिल सिंह, सुंदरलाल पाल, मंसूर मेफेयर, राकेश भगत, रवि पपने सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उत्तराखंड की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने तथा राज्य आंदोलन के शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।