जसपुर। विधानसभा जसपुर के ग्राम बाबर खेड़ा में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने दरगाह शरीफ पर पहुंचकर हाज़िरी दी और ज़ियारत कर अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और समस्त ग्रामवासियों को मुबारकबाद पेश की।
फीता काटकर कार्यक्रम का किया शुभारंभ, कव्वालियों का लिया आनंद; बोले— आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता ही समाज की असली ताकत

कार्यक्रम में डॉ. यूनुस चौधरी ने क्षेत्रवासियों को आपसी भाईचारे, प्रेम, सौहार्द और कौमी एकता का संदेश देते हुए कहा कि भारत की खूबसूरती इसकी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव में बसती है। हमें जाति और धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए। समाज में प्रेम और विश्वास का वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि “हमारा देश विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है। हमारी असली ताकत हमारी एकता है। ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने तथा आपसी रिश्तों को मजबूत करने का काम करते हैं। हमें मिल-जुलकर क्षेत्र और समाज की तरक्की के लिए काम करना चाहिए।”


इस अवसर पर आयोजित कव्वाली कार्यक्रम में डॉ. यूनुस चौधरी ने शिरकत की और सूफियाना कलाम एवं कव्वालियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी मेल-मिलाप का माहौल देखने को मिला।
डॉ. यूनुस चौधरी ने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचकर उनके सुख-दुख में शामिल होना और सामाजिक एकता को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
