जसपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की जन संवाद यात्रा जसपुर से शुरू हुई। अफजलगढ़ रोड से यात्रा की शुरुआत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हरीश रावत का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह जताया। यात्रा में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हरीश रावत की जन संवाद यात्रा को लेकर कांग्रेस के भीतर भी हलचल देखने को मिली। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने यात्रा को लेकर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रमों के संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन को अवगत कराया जाना चाहिए। इसके बावजूद हरीश रावत ने जसपुर से यात्रा की शुरुआत की। तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के द्वारा जनसंवाद यात्रा निकाले जाने से भाजपा में भी हलचल है।
लोगों को धन्यवाद देने निकला हूं : हरीश रावत

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वह लोगों को धन्यवाद देने के लिए जन संवाद यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को लेकर वह एक कठिन दौर से गुजरे, लेकिन जनता और क्षेत्र के देवी-देवताओं का आशीर्वाद रहा, जिसके चलते वह उस कठिन परिस्थिति से उबर सके। इसी के लिए वह लोगों के बीच पहुंचकर उनका आभार व्यक्त कर रहे हैं।

कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा की ओर से जारी पत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि घर में सब बातें होती रहती हैं और वह कांग्रेस के सिपाही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर होने वाली बातों को लेकर वह संगठन के साथ अपनी बात रखेंगे।
कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद जरूरी : तिलकराज बेहड़

किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि हरीश रावत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी जन संवाद यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि नेताओं का जनता और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचना जरूरी है। जनता से सीधे संवाद के जरिए क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिलता है।
बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच काम कर रहे हैं और जन संवाद यात्रा से कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ता है। उन्होंने यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
जसपुर में कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह : आदेश सिंह चौहान
जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि हरीश रावत के जसपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जन संवाद यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।
आदेश चौहान ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके मुद्दों को समझना जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ हिस्सा लिया, उससे संगठन की जमीनी सक्रियता भी दिखाई देती है।
जसपुर से हल्द्वानी तक पहुंची यात्रा
अफजलगढ़ रोड से शुरू हुई जन संवाद यात्रा के दौरान हरीश रावत कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए आगे बढ़े। यात्रा जसपुर से काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी तक पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
यात्रा को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि हरीश रावत ने यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य लाभ के बाद जनता और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करना तथा लोगों से संवाद करना बताया है। वहीं यात्रा के दौरान कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय मौजूदगी ने इसे राजनीतिक रूप से भी चर्चा में ला दिया है।

