काशीपुर। 16 अगस्त 2026 रामनगर रोड पर फ्लाईओवर के नीचे साधु का वेश धारण कर कथित रूप से सम्मोहित कर लाखों रुपये की सोने की अंगूठी ले जाने के मामले का काशीपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद की है।

काशीपुर पुलिस ने 24 घंटे में किया वारदात का खुलासा, डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार कवि नगर निवासी हरीश कुमार पुत्र पदीराम ने 14 अगस्त को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर बताया था कि रामनगर रोड पर एक होटल के पास फ्लाईओवर के नीचे साधुनुमा व्यक्ति ने उसे कथित तौर पर सम्मोहित कर उसकी डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी ले ली और वहां से फरार हो गया। अंगूठी की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 333/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर 15 अगस्त को सूर्या चौकी से आगे फरीदनगर जाने वाले रास्ते के पास दबिश देकर इंडिया नाथ पुत्र किशन नाथ, निवासी प्रतीतनगर कल्याणपुर धर्मशाला, जनपद देहरादून, उम्र 29 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मुकदमे से संबंधित डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामदगी के बाद मामले का खुलासा कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी, कांस्टेबल किरण कुमार मेहता और कांस्टेबल इन्द्र कुमार।

