रुद्रपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर में 27वां शौर्य दिवस पूरे सम्मान और गौरव के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस दौरान कारगिल युद्ध में घायल पूर्व सैनिक मान सिंह मेहता को सम्मानित किया गया तथा युवाओं से राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।

पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी सहित अनेक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जनपद के हवलदार पदम राम और राइफलमैन अमित नेगी के चित्रों पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही कारगिल युद्ध में घायल हुए पूर्व सैनिक मान सिंह मेहता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। युवाओं को शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।


मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त एयर मार्शल के.डी. सिंह ने कारगिल युद्ध के अनुभव साझा करते हुए बताया कि विषम परिस्थितियों में भारतीय सेना और वायुसेना ने अभूतपूर्व समन्वय और साहस का परिचय देकर दुश्मन को परास्त किया। उन्होंने कहा कि सैनिक का जीवन राष्ट्रसेवा का संकल्प होता है और देश की रक्षा के लिए वह हर चुनौती का सामना करता है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन सदैव संवेदनशील रहेगा।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी ने कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1999 के युद्ध में देश के 527 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे, जिनमें उत्तराखंड के 75 और ऊधम सिंह नगर जनपद के दो वीर सपूत भी शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध, भाषण, चित्रकला, देशभक्ति कविता और क्रॉस कंट्री प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को अतिथियों ने सम्मानित किया। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पुलिस अधिकारी, जवान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
