जसपुर | 26 नवंबर 2026
जसपुर। संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जसपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी सहायता से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती ममता पंत के आदेशानुसार आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलबी) डॉ. वीर सिंह गौतम ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे देश में लागू किया गया। संविधान निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। उन्होंने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ समानता, न्याय और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करता है।


शिविर में पीएलबी सोनू कुमार ने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा के अधिकार, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में समझाया। साथ ही तेजाब हमलों से संबंधित कानूनी प्रावधानों और पीड़ितों के अधिकारों की जानकारी भी दी।
इस दौरान छात्राओं को संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए इनका सही इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य ऋचा गुप्ता सहित पीएलबी भुवनेश कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार, आकाश कुमार, लता जी, मुनेश जी, डॉ. वीर सिंह गौतम, सोनू कुमार तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
