पटवारियों की हड़ताल से जनता बेहाल, प्रमाण पत्रों के अभाव में छात्रों की छात्रवृत्ति पर संकट : अलका पाल

Img 20250818 Wa0009
Spread the love

काशीपुर। पटवारियों की लंबे समय से जारी हड़ताल के चलते तहसील स्तर पर जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे पर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष अलका पाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था ठप होने का खामियाजा आम लोगों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

अलका पाल ने कहा कि तहसीलों में आय, जाति, स्थायी निवास, विकलांगता समेत अन्य जरूरी प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से हजारों लोगों के कार्य अटके हुए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छात्र-छात्राओं को हो रही है, जिन्हें छात्रवृत्ति और नंदा गौरा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए निर्धारित समय पर प्रमाण पत्र जमा करने होते हैं। कई योजनाओं के आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर है, लेकिन प्रमाण पत्रों के अभाव में विद्यार्थियों के आवेदन अधूरे रह जाने की आशंका बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण केवल शैक्षिक कार्य ही नहीं, बल्कि भूमि संबंधी मामलों, सामाजिक कल्याण योजनाओं और वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के आवेदन भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन करने वाले लोग तहसील के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन जांच रिपोर्ट और पटवारी की आख्या उपलब्ध नहीं होने से आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।

300x250

अलका पाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। प्रशासनिक गतिरोध के बीच विद्यार्थियों और जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं बनाई गई है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि पटवारियों की हड़ताल के दौरान प्रमाण पत्रों की जांच और रिपोर्ट तैयार करने के लिए संग्रह अमीनों को जिम्मेदारी सौंपकर वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल लागू की जाए, ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य योजनाओं से वंचित न होना पड़े और आम जनता के जरूरी कार्य समय पर पूरे हो सकें।

अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस जनहित और विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी तथा सरकार को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जवाबदेह बनाने का प्रयास करेगी।