काशीपुर/रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सड़क सुरक्षा को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। एसएसपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ जनपद के प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स और दुर्घटना संभावित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने एमेनिटी स्कूल चौराहा, मुमताज दरबार के पास, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधा स्वामी सत्संग गेट, आदित्य चौक, नगला बाईपास, गोल गेट नगला, संजय वन, लालपुर एवं तुलसी द्वार सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, यातायात का दबाव, वाहनों की आवाजाही और दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का बारीकी से आकलन किया गया।
एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
संयुक्त निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक यातायात अनुषा बड़ोला, संबंधित क्षेत्राधिकारी, यातायात निरीक्षक, रुद्रपुर एवं किच्छा के प्रभारी निरीक्षक, पंतनगर थानाध्यक्ष तथा एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुधार के दिए निर्देश
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकतानुसार चेतावनी बोर्ड, सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप्स और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने तथा ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सुधारने की कार्रवाई की जाए, जहां सड़क की बनावट या यातायात व्यवस्था दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लैक स्पॉट्स का नियमित निरीक्षण करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन दौड़ाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।

एसएसपी अजय गणपति का संदेश: यातायात नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं के कारणों को पहचानकर उन्हें दूर करने की दिशा में ठोस प्रयास है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर कराया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें। यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निरीक्षण और सुधारात्मक कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा सके।
ऊधम सिंह नगर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सुरक्षित सड़कें और सुरक्षित नागरिक सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित घर पहुंचें और दूसरों की जिंदगी की भी परवाह करें।
