काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र के गोरा फार्म में पार्टी के बाद पूर्व उपप्रमुख हरदीप सिंह को गोली लगने के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हरदीप सिंह की रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की ओर से कुंडा पुलिस को दी गई तहरीर में संदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गोरा फार्म, तहसील जसपुर,तथा पत्नी और मां के नाम सामने आए हैं। तहरीर में संदीप सिंह पर साजिश के तहत हरदीप सिंह को गोली मारने का आरोप लगाया गया है।

गोरा फार्म में देर रात हुई वारदात; परिजनों की तहरीर में संदीप सिंह, और उसकी मां तथा पत्नी के नाम से तहरीर देकर कार्यवाही की मांग
पार्टी के बाद दोस्त के घर पहुंचा था हरदीप
तहरीर के मुताबिक, गुलजारपुर निवासी पूर्व उपप्रमुख हरदीप सिंह 11 सितंबर की शाम करीब छह से सात बजे अपने दोस्तों के साथ कुंडा क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर पार्टी करने गए थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संदीप सिंह ने हरदीप सिंह को फोन कर दोस्तों के साथ पार्टी करने और पैसे देने की बात कही थी। इसके बाद हरदीप सिंह, संदीप सिंह के कहने पर उसके साथ जसपुर रोड स्थित एक ढाबे पर गए, जहां उन्होंने संदीप सिंह और चार-पांच अन्य लोगों के साथ खाना खाया।

तहरीर के अनुसार, इसके बाद संदीप सिंह ने हरदीप से कहा कि वह उसे घर पर छोड़ दे और पैसे ले ले। आरोप है कि जब हरदीप वहां से जाने लगे तो संदीप सिंह उन्हें अपने घर के अंदर ले गया। उस समय घर में संदीप सिंह की पत्नी संदीप कौर और उसकी मां कश्मीर कौर पत्नी स्व. सुरजीत सिंह भी मौजूद थीं। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान संदीप सिंह ने एक साजिश के तहत हरदीप सिंह को गोली मार दी।

रात करीब एक बजे मिली गोली लगने की सूचना
तहरीर के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब एक बजे संदीप सिंह ने हरदीप सिंह की पुत्रवधू करमदीप कौर को फोन कर बताया कि हरदीप को गोली लग गई है। इसके बाद करमदीप कौर, नवजोत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी गुलजारपुर, काशीपुर तथा जसजीत सिंह पुत्र रतन सिंह निवासी ग्राम पच्चावाला, काशीपुर सहित अन्य लोग कृष्णा अस्पताल पहुंचे और हरदीप सिंह से मिले।

तहरीर में हरदीप सिंह के हवाले से आरोप लगाया गया है कि संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और मां के सामने उन्हें गोली मारी थी। इसके बाद दोनों के कथित रूप से घबराने और रोने का भी उल्लेख तहरीर में किया गया है।
काशीपुर से लेकर दिल्ली तक चला उपचार
गोली लगने के बाद हरदीप सिंह को काशीपुर के निजी अस्पतालों में उपचार के लिए ले जाया गया। कृष्णा अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया। इसके बाद उन्हें कॉसमॉस अस्पताल, मुरादाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए फिर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें मैक्स अस्पताल, गाजियाबाद ले गए, जहां उपचार के दौरान 13 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे हरदीप सिंह की मौत हो गई।
हरदीप की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
तहरीर में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग
मृतक की माता रजविंदर कौर पत्नी स्व. सुखदेव सिंह, निवासी ग्राम गुलजारपुर, थाना कुंडा, जिला ऊधम सिंह नगर की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में नामजद व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
कुंडा कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र कुमार का बयान
कुंडा कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व उपप्रमुख हरदीप सिंह को गोली लगने के मामले में परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर में नामजद लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे, गोली किन परिस्थितियों में चली और वारदात के पीछे की वजह क्या थी, इन सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हरदीप सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु की भी पुलिस को जानकारी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
